मक्की · ३ आयतें · १०३
अल-अस्र
العصر
بِسْمِ اللَّهِ الرَّحْمَٰنِ الرَّحِيمِ
{ﭑ ﭒ ﭓ ﭔ ﭕ ﭖ ﭗ ﭘ ﭙ ﭚ ﭛ ﭜ ﭝ ﭞ ﭟ ﭠ ﭡ} [سورة العصر:1-3].
(निचड़ते दिन की शपथ! निःसंदेह, इन्सान क्षति में है। अतिरिक्त उनके, जो ईमान लाये तथा सदाचार किये एवं एक-दूसरे को सत्य का उपदेश तथा धैर्य का उपदेश देते रहे)।
सूरह अल-अस़्र की शुरुआत अल्लाह तआला की ओर से समय की क़सम के साथ होती है। अल्लाह तआला ने अस़्र के समय एवं उसमें सम्मिलित अस़्र के नमाज़ की क़सम खाई की। अल्लाह तआला फ़रमाता है: { ﭑ}“अस़्र की क़सम।” अल्लाह जल्ल जलालुहु (उसकी महिमा महान है) ने अस़्र की क़सम खाई, और अस़्र से आशय अस़्र की नमाज़ भी है, अस़्र का समय भी है, और दिन तथा रात का पूरा समय भी इसमें शामिल है। इस प्रकार इसकी दलालत (संकेत) सभी समय को अपने अंदर समेट लेती है। जैसा कि इब्ने जरीर त़बरी, क़ुर्तुबी, इब्नुल जौज़ी रह़िमहुमुल्लाह और अन्य विद्वानों ने उल्लेख किया है। इमाम क़ुर्तुबी रह़िमहुल्लाह ने इन सभी मतों को उनके प्रमाणों के साथ एकत्र किया है। अस़्र की दलालत विभिन्न समय-स्थितियों को समेटे हुए है। किसी ने कहा कि इससे मुराद पूरा ज़माना है, किसी ने कहा कि यह एक विशेष घड़ी है, किसी ने कहा कि इससे रात और दिन दोनों अभिप्रेत हैं, किसी ने कहा कि इससे सुबह और शाम मुराद हैं, किसी ने कहा कि यह दिन की अंतिम घड़ी है, और किसी ने कहा कि यह सूर्य के ढलने से लेकर उसके अस्त होने तक का समय है। और एक मत यह भी है कि इससे अस़्र की नमाज़ मुराद है।([1]) यह विविधता क़ुरआनी बयान की महानता को दर्शाती है कि एक ही शब्द में समय के सभी पहलुओं को समाहित कर लिया गया। क्योंकि समय अल्लाह तआला की मख़लूक़ भी है और उसी की मिल्कियत भी। और इसी एक शब्द में नमाज़-ए-अस़्र भी सम्मिलित कर दी गई, जो नमाज़ों में मध्यवर्ती नमाज़ है। अल्लाह तआला ने इन सभी समयों और नमाज़-ए-अस़्र की क़सम केवल एक ही शब्द में खाई: { ﭑ} “अस़्र की क़सम।” अल्लाह तआला ने किसी एक अर्थ को विशेष नहीं किया, बल्कि सभी अर्थों को इसमें सम्मिलित कर दिया। और अल्लाह तआला को यह अधिकार है कि वह अपनी मख़लूक़ में से जिसकी चाहे क़सम खाए। लेकिन इंसान को यह अधिकार नहीं है, उसके लिए केवल अल्लाह तआला की ही क़सम खाना जायज़ है। क्योंकि अल्लाह के सिवा किसी और की क़सम खाना शिर्क है।
अल्लाह तआला ने जिस वस्तु की महत्ता और भव्यता को स्पष्ट करने के लिए सौगंध खाई थी, उसके उपरांत अब वह 'जवाब-ए-क़सम' (शपथ का उत्तर) आता है जिस पर अल्लाह ने शपथ ली है, और वह है: { ﭓ ﭔ ﭕ ﭖ }“निश्चय ही इंसान बड़े घाटे में है।” अर्थात, समस्त मानव जाति निश्चित रूप से घाटे और क्षति में है। यह क्षति उस विनाश और दंड के रूप में है जो उसे घेरेगा, और स्वर्ग (जन्नत) तथा उसके उस शाश्वत वैभव को खो देने के रूप में है जो न कभी समाप्त होता है और न कभी परिवर्तित होता है। इस स्पष्ट घोषणा में एक ऐसा संकेत निहित है जो मनुष्य को विवश कर देता है और उसके भीतर यह जानने की जिज्ञासा उत्पन्न करता है कि इसके बाद वह कौन सा विवरण है जिसमें अल्लाह सुब्हानहु व तआला ने उन लोगों को इस घाटे से सुरक्षित रखा है जो चार विशिष्ट गुणों से अलंकृत हैं। अतः अल्लाह अज़्ज़ा व जल्ल (वह जो अत्यंत सम्मानित और प्रतापी है) ने फ़रमाया:
{ ﭘ ﭙ ﭚ ﭛ ﭜ ﭝ ﭞ ﭟ ﭠ }“सिवाय उन लोगों के जो ईमान लाए, और जिन्होंने नेक काम किए, और जिन्होंने एक-दूसरे को सत्य की नसीहत की, और जिन्होंने एक-दूसरे को धैर्य की नसीहत की।” इस प्रकार अल्लाह तआला ने इस घाटे से उन लोगों को अलग (अपवाद) कर दिया जो इन चार गुणों से युक्त हैं।
पहला गुणः ईमान है। { ﭘ ﭙ ﭚ } “सिवाय उन लोगों के जो ईमान लाए” का अर्थ यह है कि उन्होंने अपने दिलों से सत्य को स्वीकार किया, और ईमान की सभी आवश्यकताओं और उसके सत्य तथ्यों को बिना किसी अपवाद के मान लिया। अतः उन्होंने अल्लाह तआला पर, उसके रसूल पर, क़ुरआन पर, क़ियामत के दिन पर, पुनरुत्थान, हिसाब, बदले, जन्नत और जहन्नम पर, तथा अल्लाह की सभी किताबों और उसके सभी रसूलों पर ईमान लाया, और उन सभी बातों पर भी जो ईमान से संबंधित हैं।
दूसरा गुण हैः { ﭛ ﭜ} “और उन्होंने नेक काम किए।” इसका अर्थ है अल्लाह तआला की आज्ञा का पालन करते हुए उसकी इबादत करना। नेक काम वे सभी कर्म हैं जिनका आदेश अल्लाह तआला ने दिया है, क्योंकि अल्लाह तआला ने जिन कार्यों का आदेश दिया है वे सभी पूर्ण रूप से भलाई और सुधार के गुण से युक्त हैं। इससे यह सिद्ध होता है कि अल्लाह तआला के विधान में किसी भी प्रकार की असत्यता नहीं है, बल्कि उसमें व्यक्ति और समाज दोनों के लिए, इस दुनिया में भी और आख़िरत में भी, संपूर्ण कल्याण निहित है।
अल्लाह तआला के इस कथन { ﭘ ﭙ ﭚ ﭛ ﭜ} “सिवाय उन लोगों के जो ईमान लाए और जिन्होंने नेक काम किए” से यह स्पष्ट होता है कि ईमान और अल्लाह की आज्ञा के अनुसार कर्म करने के बीच गहरा और अविभाज्य संबंध है। अल्लाह तआला ने इन दोनों को एक साथ जोड़ दिया है। अतः जो लोग अल्लाह तआला पर, उसके रसूल पर और उसकी शरीअत की शिक्षाओं पर विश्वास करते हैं, और साथ ही नेक काम करते हैं, अर्थात वे सभी फ़र्ज़, सुन्नत और अनुशंसित इबादतें अदा करते हैं जिनका अल्लाह तआला ने आदेश दिया है, उनमें ईमान और नेक कर्म परस्पर सहयोगी बनकर आज्ञाकारिता और अनुपालन में एक-दूसरे को सुदृढ़ करते हैं। अल्लाह तआला ने अपने दीन के कार्यों को “नेक काम” इसलिए कहा है क्योंकि वे आत्मा के सुधार, समाज की भलाई और समग्र कल्याण को सुनिश्चित करते हैं। इस प्रकार यह कथन अपने अर्थ की पूर्णता, विषयवस्तु की गहनता और शब्दों की सुदृढ़ता में अत्यंत उत्कृष्ट है। केवल तीन शब्द
{ ﭚ ﭛ ﭜ} ईमान लाए और नेक काम किए, अल्लाह तआला के पूरे मार्गदर्शन को अपने भीतर समेटे हुए हैं। यह विवरण मोमिनों को आज्ञाकारिता अपनाने और हर उस कार्य में शीघ्रता करने के लिए प्रेरित करता है जिसे अल्लाह तआला पसंद करता है और जिससे वह प्रसन्न होता है। यह अल्लाह तआला की ओर से अपने आज्ञाकारी बंदों पर एक महान कृपा है, और साथ ही यह काफ़िरों को भी इस्लाम में प्रवेश करने और उस दीन का पालन करने के लिए प्रेरित करता है जिसे अल्लाह तआला ने अपने रसूल मुह़म्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर अवतरित किया है।
तीसरा गुण हैः { ﭝ ﭞ} “और उन्होंने एक-दूसरे को सत्य की नसीहत की।” अर्थात वे लोग आपस में एक-दूसरे को दीन की उन शिक्षाओं की नसीहत करते हैं जिन पर अमल करना अनिवार्य है, और जिनके शीर्ष पर महान क़ुरआन है। क़तादा रह़िमहुल्लाह ने कहा है किः सत्य से अभिप्राय अल्लाह की किताब है।([2]) अतः वे एक-दूसरे को अल्लाह की किताब और उसके रसूल की सुन्नत की नसीहत करते हैं, क्योंकि क़ुरआन की समस्त शिक्षाएँ सत्य हैं, और यही वह मार्ग है जिस पर रसूल ने स्वयं अमल किया। जैसा कि अल्लाह तबारक व तआला ने अपने रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के बारे में सूरह क़लम में फ़रमाया:
{ﮛ ﮜ ﮝ ﮞ} “और निश्चय ही आप महान चरित्र पर हैं।” अर्थात आप महान नैतिकता वाले एक श्रेष्ठ दीन पर हैं। इब्ने कस़ीर रह़िमहुल्लाह तआला फ़रमाते हैं: इसका अर्थ यह है कि आप एक महान दीन पर हैं, और वह इस्लाम है।([3]) अर्थात नबी -ए- करीम सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अपने हर व्यवहार और हर आचरण में क़ुरआन का पूर्ण रूप से पालन करने वाले थे। यही बात उम्मुल मोमिनीन हज़रत आयशा रज़ियल्लाहु अन्हा ने उस व्यक्ति से कही, जिसने उनसे नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के चरित्र के बारे में पूछा। उन्होंने फ़रमाया: (क्या तुम क़ुरआन नहीं पढ़ते हो? उसने कहा: क्यों नहीं। तो उन्होंने कहा: अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का चरित्र क़ुरआन ही था।)([4]) इब्ने तैमिया रह़िमहुल्लाह फ़रमाते हैं: वह महान चरित्र, जिसके द्वारा अल्लाह तआला ने मुह़म्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की प्रशंसा की है, वह ऐसा व्यापक दीन है, जिसमें अल्लाह तआला के सभी आदेश सम्मिलित हैं। यही बात मुजाहिद और अन्य विद्वानों ने कही है। और यही क़ुरआन की व्याख्या है, जैसा कि हज़रत आयशा रज़ियल्लाहु अन्हा ने बताया है।([5]) अतः नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर जो कुछ क़ुरआन उतरा, वे उसके पूर्ण रूप से पालनकर्ता थे।
और चौथी विशेषता यह हैः { ﭟ ﭠ }“कि वे एक-दूसरे को सब्र की नसीहत करते हैं।” अर्थात वे लोग जो अल्लाह तआला की आज्ञा के पालन में, गुनाहों से बचने में, और अल्लाह तआला की तक़दीरों पर सब्र करने की आपस में सलाह देते हैं। वे घबराहट से बचते हैं और उन सभी कार्यों में धैर्य रखते हैं जिनमें सब्र की आवश्यकता होती है, जैसे भलाई के कार्यों में खर्च करना, हलाल रोज़ी कमाना और अन्य नेक अमल।
सब्र, घबराहट का उलट है। सब्र का अर्थ है मन को व्याकुलता से रोकना। और जबरन सब्र करने का अर्थ है स्वयं को सब्र का आदी बनाना।([6]) इब्नु क़य्यिम अल-जौज़िय्या रह़िमहुल्लाह तआला फ़रमाते हैं: सब्र एक श्रेष्ठ चरित्र है, जो आत्मा के उत्तम गुणों में से है। इसी के द्वारा मनुष्य बुरे और अनुचित कार्यों से रुक जाता है। यह आत्मा की उन शक्तियों में से है, जिनसे उसके हालात सुधरते हैं और उसका जीवन संतुलित रहता है।([7]) इससे मोमिन को यह शिक्षा मिलती है कि उसे स्वयं भी सब्र करना चाहिए और दूसरों को भी इसकी नसीहत करनी चाहिए। कठिन परिस्थितियों का सामना धैर्य और समझदारी से करना चाहिए, और दूसरों की ओर से होने वाली तकलीफ़ों को संयम और सब्र के साथ सहन करना चाहिए। ऐसा सब्र बुद्धिमत्ता को समाहित करता है और क्रोध से दूर रखता है, क्योंकि क्रोध संबंधों को बिगाड़ देता है और लक्ष्यों की प्राप्ति में बाधा बनता है। निस्संदेह सब्र वह चरित्र है, जिसके साथ एक बुद्धिमान व्यक्ति समाज में दूसरों के साथ जीवन व्यतीत करता है। वह अल्लाह तआला से सहायता, सफलता और सही मार्ग की दुआ करता है, क्योंकि वही सत्य और भलाई तक पहुँचने में सबसे बड़ा सहायक है। साथ ही यह पूरा विवरण इस बात को स्पष्ट करता है कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की पवित्र जीवन-शैली से प्रेरणा लेना कितना आवश्यक है।
इन रब्बानी (अल्लाह के) निर्देशों ने वे मूल आधार और स्तंभ प्रदान किए हैं, जिनका पालन हर उस व्यक्ति के लिए आवश्यक है, जो उन लोगों में शामिल होना चाहता है, जिन्हें अल्लाह तआला ने स्पष्ट विनाश से सुरक्षित रखा है। अल्लाह तआला उनके बारे में फ़रमाता है: { ﭘ ﭙ ﭚ ﭛ ﭜ ﭝ ﭞ ﭟ ﭠ }“सिवाय उन लोगों के जो ईमान लाए, और जिन्होंने नेक काम किए, और एक-दूसरे को सत्य की नसीहत करते रहे, और एक-दूसरे को सब्र की नसीहत करते रहे।” इन आधारों को अपनाने से मनुष्य आख़िरत की हानि से सुरक्षित हो जाता है, और इन्हीं चार सिद्धांतों के माध्यम से उसे उसकी दुनिया और आख़िरत दोनों में सफलता प्राप्त होती है।
यह दिव्य मार्गदर्शन यह भी स्पष्ट करता है कि ये चार महान सिद्धांत अल्लाह तआला की ओर बुलाने के मार्ग में सफलता की बुनियाद हैं, और जीवन के विभिन्न पहलुओं में भी इन्हीं पर सफलता निर्भर है। इनमें वह आचरण भी शामिल है, जिसके द्वारा मनुष्य दूसरों से व्यवहार करता है। बल्कि इन्हीं सिद्धांतों के द्वारा लक्ष्य सर्वोत्तम मानकों के अनुसार और अत्यंत उत्तम ढंग से प्राप्त होते हैं, क्योंकि इनमें आत्मा को दोषों से शुद्ध करना, आज्ञापालन और समर्पण को स्थापित करना, श्रेष्ठ नैतिकता को अपनाना, और क़िताब व सुन्नत के मार्ग को व्यवहार में लाना सम्मिलित है। और इन्हीं के माध्यम से वास्तविक सफलता और विजय प्राप्त होती है।
और मैं अल्लाह तआला का धन्यवाद और आभार प्रकट करता हूँ, कि उसने मुझे इस कार्य का सम्मान प्रदान किया और मुझे सूरह अल-अस़्र को पूर्ण करने की तौफ़ीक़ दी। हे हमारे रब, हमसे स्वीकार फ़रमा, निस्संदेह तू ही सब कुछ सुनने वाला, सब कुछ जानने वाला है। और हमारी तौबा स्वीकार कर, निस्संदेह तू ही अत्यंत तौबा स्वीकार करने वाला, अत्यंत दयालु है। और समस्त प्रशंसा अल्लाह के लिए है, जो सारे संसारों का पालनहार है, और दुरूद व सलाम हो हमारे नबी मुह़म्मद पर और उनके संपूर्ण परिवार जनों पर।
([1]) देखें: क़ुरत़ुबी की पुस्तक “अल-जामेअ लि अह़कामिल क़ुरआन” (20/ 122)।
([2]) देखें: इब्न -ए- जरीर त़बरी की पुस्तक “जामेअ अल-बयान अन् तावील आय अल-क़ुरआन” (24/ 598)।
([3]) देखें: इब्न -ए- कस़ीर की पुस्तक “तफ़्सीर अल-क़ुरआन अल-अज़ीम” (4/ 429)।
([4]) देखें: स़ह़ीह़ मुस्लिम ह़दीस़ संख्या (746)।
([5]) देखें: इब्न -ए- तैमिय्या की पुस्तक “मज्मूअ अर-रसाइल अल-कुब्रा” (1/ 234)।
([6]) देखें: इब्न -ए- मंज़ूर की पुस्तक “लिसान अल-अरब” (4/ 438-439)।
([7]) देखें: इब्नु क़य्यिम अल-जौज़िय्या की पुस्तक “उद्दह अस़-स़ाबिरीन” पृष्ठ (16)।