मदनी · ३ आयतें · ११०
अन-नस्र
النصر
بِسْمِ اللَّهِ الرَّحْمَٰنِ الرَّحِيمِ
{ﭱ ﭲ ﭳ ﭴ ﭵ ﭶ ﭷ ﭸ ﭹ ﭺ ﭻ ﭼ ﭽ ﭾ ﭿ ﮀ ﮁ ﮂﮃ ﮄ ﮅ ﮆ ﮇ} [سورة النصر:1-3].
((हे नबी!) जब अल्लाह की सहायता एवं विजय आ जाये। और तुम लोगों को अल्लाह के धर्म में दल के दल प्रवेश करते देख लो। तो अपने पालनहार की प्रशंसा के साथ उसकी पवित्रता का वर्णन करो और उससे क्षमा माँगो, निःसंदेह वह बड़ा क्षमी है)।
अल्लाह तआला ने सूरह अन-नस़्र की शुरुआत अपने रसूल मुह़म्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को विजय और सहायता की शुभ-सूचना देकर की। यह शुभ-सूचना अत्यंत मनोहर और प्रेरक शैली में दी गई है। अल्लाह जल्ल जलालुहू (उसकी महिमा महान है) फ़रमाता है: { ﭱ ﭲ ﭳ ﭴ ﭵ}“जब अल्लाह की सहायता और विजय आ जाए।” अर्थात जब अल्लाह तआला की ओर से तुम्हें शत्रुओं पर विजय प्राप्त हो जाए, और मक्का मुकर्रमा की फ़तह साकार हो जाए। {ﭷ ﭸ ﭹ ﭺ ﭻ ﭼ ﭽ} “और तुम लोगों को देखो कि वे अल्लाह के दीन में झुंड के झुंड प्रवेश कर रहे हैं।” और तुम देखो कि लोग बड़ी संख्या में, समूह-दर-समूह अल्लाह के दीन में दाख़िल हो रहे हैं।
{ﭿ ﮀ ﮁ ﮂﮃ ﮄ ﮅ ﮆ } “तो तुम अपने रब की प्रशंसा के साथ उसकी तस्बीह करो और उससे क्षमा माँगो, निश्चय ही वह बहुत अधिक तौबा क़बूल करने वाला है।” अर्थात, तुम अपने रब की पवित्रता और महानता का वर्णन करो, उसकी प्रशंसा के साथ, और उससे अत्यधिक क्षमा माँगो, क्योंकि तुम्हारा रब तौबा करने वालों की तौबा स्वीकार करने वाला है और उन्हें क्षमा करने वाला है।
इस मुबारक सूरह की शुरुआत { ﭱ} ‘इज़ा’ (जब) शब्द से की गई, जो यहाँ निश्चितता और सुनिश्चित होने का अर्थ देता है। इमाम क़ुर्तुबी रह़िमहुल्लाह ने कहा है किः यहाँ {ﭱ} ‘इज़ा’ का अर्थ ‘क़द’ (निश्चय ही) के है, अर्थात निश्चय ही अल्लाह की सहायता और विजय आ चुकी।([1]) { ﭱ ﭲ ﭳ ﭴ ﭵ} अल्लाह की सहायता से आशय शत्रुओं पर विजय प्राप्त होना है, और ‘फ़तह’ से आशय मक्का की विजय है। मुजाहिद रह़िमहुल्लाह ने कहा किः इससे मक्का की फ़तह ही अभिप्रेत है।([2]) इससे यह स्पष्ट होता है कि यह अल्लाह तआला की ओर से दिया गया वादा था, जो पूर्ण रूप से साकार हुआ, और यह वादा पूरा होना क़ियामत तक के लिए अल्लाह तआला की एक महान निशानी और दलील बन गया। जब अल्लाह तआला ने अपने रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को मक्का मुकर्रमा पर विजय प्रदान की, तो अरबों ने कहा: जब मुह़म्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने हरम वालों पर विजय प्राप्त कर ली, जबकि अल्लाह तआला ने उन्हें हाथियों वालों से सुरक्षित रखा था, तो अब उनसे मुक़ाबला करने का किसी में सामर्थ्य नहीं रहा। इसी कारण लोग झुंड के झुंड अल्लाह के दीन में प्रवेश करने लगे([3]), जैसा कि अल्लाह तआला ने फ़रमाया
{ﭷ ﭸ ﭹ ﭺ ﭻ ﭼ ﭽ } “और तुम लोगों को देखो कि वे अल्लाह के दीन में झुंड के झुंड प्रवेश कर रहे हैं।” फिर अल्लाह अपने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को कहता हैः {ﭿ ﮀ ﮁ ﮂﮃ ﮄ ﮅ ﮆ} अर्थात उन्हें तस्बीह का आदेश देता है। तस्बीह का अर्थ हैः अल्लाह तआला को हर कमी और दोष से पाक मानना, और हर अवस्था में उसकी प्रशंसा करना। यह तस्बीह ज़ुबान से ज़िक्र, दिल से ध्यान, और कर्म के रूप में नमाज़ और समस्त इबादतों को सम्मिलित करती है।
इब्न -ए- अब्बास रज़ियल्लाहु अन्हुमा के अनुसारः यहाँ तस्बीह का एक अर्थ 'नमाज़' है, जबकि व्याख्याकारों के एक समूह के अनुसार इसका अर्थ सुविख्यात 'तस्बीह' ही है। मुफ़स्सिरीन (व्याख्याकारों) का कहना है किः इस सूरह के अवतरण के साथ ही रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम को उनके देहावसान की सूचना दे दी गई थी और उन्हें ज्ञात हो गया था कि उनका अंतिम समय निकट है। अतः उन्हें तस्बीह और इस्तिग़फ़ार का आदेश दिया गया ताकि उनके जीवन का समापन नेक कार्यों की अधिकता के साथ हो। इब्न -ए- अब्बास रज़ियल्लाहु अन्हु ने कहा है किः { ﭱ ﭲ ﭳ ﭴ ﭵ }यह सूरह अल्लाह की ओर से बुलावा और इस नश्वर संसार से विदाई का संकेत थी। क़तादा के अनुसार, इस सूरह के अवतरण के पश्चात आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम दो वर्ष तक जीवित रहे।([4]) यह तथ्य 'ज़िक्र' (ईश्वर-स्मरण) के महत्व और लाभ को स्पष्ट करता है कि यह मोमिन की शक्ति है, अल्लाह इसके द्वारा स्मरण करने वालों के पद को ऊँचा करता है, बुराइयों को दूर करता है और सौभाग्य व उच्च स्थान प्रदान करता है।
इस गरिमामय मार्गदर्शन में तस्बीह के उपरांत इस्तिग़फ़ार (क्षमा याचना) का भी आदेश है: {ﭿ ﮀ ﮁ ﮂﮃ ﮄ ﮅ ﮆ }अर्थात् अपने पालनहार से अपनी त्रुटियों के लिए क्षमा मांगें। अल्लाह तआला ने अपने रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को इस्तिग़फ़ार का आदेश वैसे ही दिया है जैसा सूरह ग़ाफ़िर और सूरह मुह़म्मद में आया है। सूरह ग़ाफ़िर में अल्लाह ने फ़रमाया: { ﮐ ﮑ} “और अपने गुनाह के लिए क्षमा मांगें।” यह अल्लाह से क्षमा की याचना है, क्योंकि आपका रब तौबा करने वालों की तौबा स्वीकार करने के गुण से सुशोभित है: { ﮄ ﮅ ﮆ } “निःसंदेह वह बड़ा क्षमी है।” अतः तुम्हार रब अल्लाह तौबा स्वीकार करने वाला है, जो तौबा करता है, उसकी तौबा क़बूल करता है।
विद्वानों का एक मत यह है कि रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और अन्य नबियों का इस्तिग़फ़ार करना वास्तव में 'इबादत' (उपासना) का एक स्वरूप है, जिसका अल्लाह ने उन्हें आदेश दिया है, यह किसी पाप के कारण नहीं था। एक अन्य विचार यह है कि अल्लाह ने अपने नबी को इस्तिग़फ़ार का आदेश उनकी उम्मत (अनुयायियों) को सचेत करने और उन्हें प्रेरित करने के लिए दिया था, मानो वास्तव में उम्मत को ही इसका आदेश दिया गया हो।([5]) इब्न -ए- कस़ीर रह़िमहुल्लाह ने सूरह ग़ाफ़िर की व्याख्या में कहा है किः यह उम्मत को इस्तिग़फ़ार के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए है([6]), क्योंकि इस्तिग़फ़ार से दरजात (श्रेणियाँ) ऊँची होती हैं। अल्लामा शौकानी के अनुसार, रिसालत (पैगंबरी) के बाद 'ज़म्ब' (पाप) का अर्थ यहाँ 'किसी श्रेष्ठ कार्य को छोड़ देना' है। उनके महान पद के कारण इसे उनके पक्ष में पाप का नाम दिया गया, यद्यपि दूसरों के लिए वह पाप नहीं होता।([7]) अल-मुहासिबी कहते हैं किः नबियों के गुनाहों को उनके क्षमा होने के बावजूद इतना 'भारी' इसलिए वर्णित किया गया क्योंकि वे स्वयं उन पर अत्यंत दुखी, लज्जित और व्यथित होते थे।([8]) अल्लाह तआला ने अपने रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ क्षमा के मामले में एक मानव के रूप में व्यवहार किया, जबकि आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अत्यंत सचेत रहते थे कि कोई त्रुटि न हो। अत्यधिक इबादतों के बावजूद आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अल्लाह के प्रति अपने कर्तव्यों में स्वयं को सदैव अल्प (कम करने वाले) अनुभव करते थे। इससे लोगों पर यह स्पष्ट होता है कि रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अपने रब के प्रति कितनी जागरूकता और ज्ञान रखते थे। अल्लाह तआला ने आपके अगले-पिछले समस्त गुनाह क्षमा कर दिए थे, जिसका अर्थ है कि आपके उच्च स्थान के कारण यदि आपसे पूर्व में कोई त्रुटि हुई या भविष्य में हो, तो भी हमारे निकट आपके उच्च पद के कारण वह क्षमा है।
विश्व के स्वामी (रब्बुल आलमीन) के इसी पावन निर्देश का अनुपालन करते हुए रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने इसे पूर्णतः आत्मसात किया और आप अत्यधिक क्षमा-प्रार्थना (इस्तिग़फ़ार) किया करते थे। हज़रत अबू हुरैरा रज़ियल्लाहु अन्हु से वर्णित है, उन्होंने कहा: मैंने रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को यह कहते हुए सुना कि (अल्लाह की शपथ! मैं दिन भर में सत्तर बार से भी अधिक अल्लाह से क्षमा मांगता हूँ और उसकी ओर तौबा (प्रायश्चित) करता हूँ।)([9]) अतः जब अल्लाह तआला ने अपने रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को इस्तिग़फ़ार का आदेश दिया है, जबकि आप अल्लाह के नबी और उसके संदेशवाहक हैं, अपने रब की ओर से पूर्णतः निर्देशित एवं सुदृढ़ हैं और आपके समस्त अपराध पूर्व में ही क्षमा किए जा चुके हैं, तो इससे संपूर्ण उम्मत (समुदाय) के लिए इस्तिग़फ़ार के महत्व और इसे सदैव अपनाए रखने की अनिवार्यता की पुष्टि हो जाती है। यहाँ इस्तिग़फ़ार का उल्लेख आज्ञात्मक रूप में हुआ है, जो इसके अनिवार्य (वाजिब) होने का बोध कराता है।
मैं अल्लाह तआला की स्तुति और उसका धन्यवाद करता हूँ कि उसने मुझे इस कार्य के सम्मान का सौभाग्य प्रदान किया और मुझे सूरह अन-नस़्र की व्याख्या पूर्ण करने का सामर्थ्य दिया। हे हमारे पालनहार! हमारी इस सेवा को स्वीकार कर, निश्चय ही तू सब कुछ सुनने वाला और सर्वज्ञ है, और हमारी तौबा स्वीकार कर, वास्तव में तू ही तौबा स्वीकार करने वाला और अत्यंत दयावान है। समस्त प्रशंसा समस्त जगत के स्वामी अल्लाह के लिए है और शांति व आशीर्वाद हमारे नबी मुह़म्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर तथा उनके समस्त परिजनों एवं साथियों पर हो।
([1]) देखें: क़ुरत़ुबी की पुस्तक “अल-जामेअ लि अह़कामिल क़ुरआन” (20/ 157)।
([2]) देखें: इब्न -ए- जरीर त़बरी की पुस्तक “जामेअ अल-बयान अन् तावील आय अल-क़ुरआन” (24/ 705)।
([3]) देखें: इब्नुल जौज़ी की पुस्तक “ज़ाद अल-मसीर फ़ी इल्म अत-तफ़्सीर” (8/ 324)।
([4]) देखें: इब्नुल जौज़ी की पुस्तक “ज़ाद अल-मसीर फ़ी इल्म अत-तफ़्सीर” (8/ 324)।
([5]) देखें: शौकानी की पुस्तक “फ़त्ह़ुल क़दीर” (5/ 510)।
([6]) देखें: इब्न -ए- कस़ीर की पुस्तक “तफ़्सीर अल-क़ुरआन अल-अज़ीम” (4/ 91)।
([7]) देखें: शौकानी की पुस्तक “फ़त्ह़ुल क़दीर” (5/ 45)।
([8]) देखें: क़ुरत़ुबी की पुस्तक “अल-जामेअ लि अह़कामिल क़ुरआन” (20/ 72)।
([9]) देखें: स़ह़ीह़ बुख़ारी (4/ 154) ह़दीस़ संख्या (6307)।