मक्की · ३ आयतें · १०८

अल-कौसर

الكوثر

بِسْمِ اللَّهِ الرَّحْمَٰنِ الرَّحِيمِ

{ﮆ ﮇ ﮈ ﮉ ﮊ ﮋ ﮌ ﮍ ﮎ ﮏ ﮐ ﮑ ﮒ} [سورة الكوثر:1-3].


‎((हे नबी!) हमने तुम्हें कौस़र प्रदान किया है। तो तुम अपने ‎पालनहार के लिए नमाज़ पढ़ो तथा बलि दो। निःसंदेह तुम्हारा ‎शत्रु ही बे नाम निशान है)।

सूरह अल-कौस़र में अल्लाह तआला ने हमारे रसूल मुह़म्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर अपने विशेष उपकारों को प्रकट किया है, उनकी महान प्रतिष्ठा और ऊँचे दर्जे को स्पष्ट किया है, तथा उनके प्रति अल्लाह तआला की विशेष देखभाल और उस विशिष्ट अनुग्रह को बयान किया है, जो अल्लाह तआला ने उन्हें अपनी समस्त सृष्टि से अलग और विशिष्ट रूप से प्रदान किया है। अतः अल्लाह जल्ल जलालुहू (उसकी महिमा महान है) फ़रमाता है: ‎ { ﮆ ﮇ ﮈ }“निस्संदेह हमने आपको अल-कौस़र प्रदान किया।” अर्थात, हम ही हैं जिन्होंने आपको कौस़र अता किया, जो महान भलाई है, और उसी महान भलाई में से जन्नत का कौस़र का नहर भी है। उम्मुल मोमिनीन हज़रत आइशा रज़ियल्लाहु अन्हा फ़रमाती हैं: वह एक नहर है जो आपके नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को प्रदान की गई है, जिसके दोनों किनारों पर खोखले मोती हैं, और जिसके बर्तन तारों की संख्या के समान हैं।([1]) और हज़रत इब्न -ए- अब्बास रज़ियल्लाहु अन्हुमा, सईद बिन जुबैर और इक्रिमा ने कहा है: कौस़र का अर्थ अत्यधिक भलाई है। और कहा गया है कि इससे अभिप्राय ज्ञान और क़ुरआन है। और यह भी कहा गया है कि इससे अभिप्राय नुबुव्वत है। हज़रत इब्न -ए- जरीर त़बरी रह़िमहुल्लाह ने सभी कथनों का उल्लेख करने के बाद कहा है: इन कथनों में सबसे अधिक सही मत यह है कि कौस़र जन्नत की वह नहर है, जो रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को प्रदान की गई है।([2]) कौस़र के अर्थ अनेक इसलिए बताए गए हैं, क्योंकि अरबी भाषा में कौस़र का अर्थ ही अत्यधिक भलाई है। अतः विशेष रूप से यह जन्नत की नहर है, और सामान्य रूप से वह समस्त भलाई है जो अल्लाह तआला ने रसूल को दुनिया और आख़िरत में प्रदान की है।

बयान की सूक्ष्मताओं में से यह है कि अल्लाह तआला ने अपने कथन की शुरुआत अपने लिए बहुवचन के सर्वनाम { ﮆ} “निश्चय ही हम” से की, जिसमें { ﮆ} नून-ए-ताकीद के साथ महानता, वैभव, प्रतिष्ठा, शक्ति और प्रभुत्व का अर्थ पाया जाता है, तथा इसके द्वारा आगे आने वाले कथन पर विशेष बल और पुष्टि की गई है। फिर इस महानता को और अधिक बढ़ा दिया गया जब दान को पुनः अपनी ही ओर मंसूब किया गया:

{ ﮇ } “हमने आपको दिया”, ताकि यह स्पष्ट हो जाए कि यह महान दान केवल उसी की ओर से है। इससे यह प्रमाणित होता है कि रसूल इस महान उपहार के विशेष पात्र हैं, और यह उनके रब के निकट उनकी उच्च प्रतिष्ठा को दर्शाता है।

फिर अल्लाह तआला अपने रसूल को नमाज़ और क़ुर्बानी का आदेश देता है। अतः अल्लाह तआला फ़रमाता है: ‎ { ﮊ ﮋ ﮌ }“तो अपने रब के लिए नमाज़ पढ़ो और क़ुर्बानी करो।” अर्थात, ऐ रसूल, नमाज़ की निरंतरता बनाए रखो और उस पर स्थिर रहो, और अल्लाह के लिए ‎ { ﮌ }ऊँटों की क़ुर्बानी करो, जो अरबों के सर्वोत्तम धन में से हैं। और कहा गया है कि इससे अभिप्राय ईद-उल-अज़्हा के दिन क़ुर्बानी करना है। यह मत इब्ने अब्बास रज़ियल्लाहु अन्हुमा, अता, मुजाहिद रह़िमहुमल्लाहऔर अधिकांश विद्वानों का है।([3]) नमाज़ के आदेश में ‎ { ﮊ}क्रिया-आदेश (फेअल -ए- अम्र) का प्रयोग इस बात को स्पष्ट करने के लिए है कि नमाज़ अनिवार्य है और वही फ़र्ज़ नमाज़ है। फिर इसके साथ इख़लास को जोड़ा गया: ‎ { ﮊ ﮋ}“अपने रब के लिए नमाज़ पढ़ो”, अर्थात नमाज़ केवल अल्लाह के लिए हो, उसमें किसी प्रकार का दिखावा या मिलावट न हो। इससे उम्मत को यह शिक्षा मिलती है कि नमाज़ पूरी तरह अल्लाह के लिए हो। इसी प्रकार ‎ {ﮌ}क़ुर्बानी का आदेश भी दिया गया, जिससे क़ुर्बानी के महत्व का पता चलता है, क्योंकि इससे ग़रीबों और मिस्कीनों को भोजन प्राप्त होता है। यह अल्लाह तआला की अपने बंदों पर दया और उसके दीन की उदारता और भलाई की शिक्षा को स्पष्ट करता है।

फिर अल्लाह तआला अपने रसूल के उच्च दर्जे और उनसे बैर रखने वालों के महान अपराध को स्पष्ट करता है। अल्लाह तआला फ़रमाता है: ‎ { ﮎ ﮏ ﮐ ﮑ } “निस्संदेह तुम्हारा शत्रु ही निरंतर भलाई से कट जाने वाला है।” अर्थात, जो तुमसे बैर रखता है, तुमसे घृणा करता है और तुम्हें नीचा दिखाना चाहता है, वही हर प्रकार की भलाई से वंचित और कटा हुआ है, चाहे वह अच्छा नाम हो या ऐसा नेक अमल जो अल्लाह के यहाँ स्वीकार किया जाए। इसका अर्थ यह भी है कि ऐ रसूल, तुम्हारा उल्लेख सदैव शेष रहने वाला है, तुम्हारी ऊँची प्रतिष्ठा तुम्हारी उम्मत में पीढ़ी दर पीढ़ी चलती रहेगी, और तुम्हारी भलाई और प्रतिफल क़ियामत तक जारी रहेगा। यह इस बात का प्रमाण है कि अल्लाह तआला ने तुम्हें पूर्ण, श्रेष्ठ और महान भलाई प्रदान की है, और उसी में से कौस़र की महान नहर भी है। इससे रसूल से बैर रखने वालों के गम्भीर अपराध और रसूल से प्रेम करने वालों की महान प्रतिष्ठा स्पष्ट होती है, जो कथन, कर्म और हृदय से उनकी पैरवी और उनसे प्रेम करते हैं। हे अल्लाह, हमें अपनी मुहब्बत, अपने रसूल मुह़म्मद से सच्चा प्रेम, उनकी पैरवी, उनके हौज़ से पानी पीने की तौफ़ीक़ अता फ़रमा और हमें अपनी जन्नत में उनके साथ एकत्र फ़रमा, ऐ रब्बुल आलमीन।

और मैं अल्लाह तआला का शुक्र अदा करता हूँ कि उसने मुझे इस कार्य का सम्मान प्रदान किया और सूरह अल-कौस़र को पूर्ण करने की तौफ़ीक़ दी। ऐ हमारे रब, हमसे स्वीकार फ़रमा, निस्संदेह तू ही सब कुछ सुनने वाला, सब कुछ जानने वाला है, और हमारी तौबा क़ुबूल फ़रमा, निस्संदेह तू ही तौबा क़ुबूल करने वाला, अत्यंत दयावान है। और समस्त प्रशंसा अल्लाह, रब्बुल आलमीन के लिए है, तथा दुरूद और सलाम हो हमारे नबी मुह़म्मद पर और उनके समस्त परिवार वालों पर।



([1]) देखें: स़ह़ीह़ बुख़ारी, ह़दीस़ संख्या (4965)।

([2]) देखें: इब्न -ए- जरीर त़बरी की पुस्तक “जामेअ अल-बयान अन् तावील आय अल-क़ुरआन” (24/ 679-685)।

([3]) देखें: इब्नुल जौज़ी की पुस्तक “ज़ाद अल-मसीर फ़ी इल्म अत-तफ़्सीर” (8/ 283)।