मक्की · ५ आयतें · ९७
अल-क़द्र
القدر
بِسْمِ اللَّهِ الرَّحْمَٰنِ الرَّحِيمِ
{ﭑ ﭒ ﭓ ﭔ ﭕ ﭖ ﭗ ﭘ ﭙ ﭚ ﭛ ﭜ ﭝ ﭞ ﭟ ﭠ ﭡ ﭢ ﭣ ﭤ ﭥ ﭦ ﭧ ﭨ ﭩ ﭪ ﭫ ﭬ ﭭ ﭮ ﭯ ﭰ ﭱ ﭲ ﭳ}
(निःसंदेह, हमने उस (क़ुर्आन) को 'लैलतुल क़द्र' (सम्मानित रात्रि) में उतारा। और तुम क्या जानो कि वह 'लैलतुल क़द्र' (सम्मानित रात्रि) क्या है? लैलतुल क़द्र (सम्मानित रात्रि) हज़ार मास से उत्तम है। उसमें (हर काम को पूर्ण करने के लिए) फ़रिश्ते तथा रूह़ (जिब्रील) अपने पालनहार की आज्ञा से उतरते हैं। वह शान्ति की रात्रि है, जो भोर होने तक रहती है)।
सूरह अल-क़द्र में उस समय और अवधि को निर्धारित किया गया है जिसमें महान क़ुरआन का अवतरण रसूल मुह़म्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर हुआ। इसमें इस क़ुरआन मजीद की महानता, उसकी ऊँची प्रतिष्ठा और उसके उच्च स्थान को स्पष्ट किया गया है। साथ ही उस रात की भी महानता और ऊँचा दर्जा बयान किया गया है जिसमें अल्लाह तआला ने महान क़ुरआन को अवतरित किया। इसके अतिरिक्त, इसमें ईमान वालों को उस रात को जीवित रखने, उसे ग़नीमत समझने, अल्लाह तआला की आज्ञाकारिता और अधिकाधिक इबादत के द्वारा लाभ उठाने की प्रेरणा और प्रोत्साहन भी दिया गया है। क्योंकि वह रात एक हज़ार महीनों से उत्तम है, अर्थात् लगभग तिरासी वर्ष और चार महीने से भी अधिक का समय। अतः अल्लाह तआला फ़रमाता है: { ﭑ ﭒ ﭓ ﭔ ﭕ }“निश्चय ही हमने इसे क़द्र की रात में उतारा।” अर्थात हम ही हैं जिन्होंने इस महान क़ुरआन को रमज़ान के मुबारक महीने की क़द्र की रात में उतारा। इससे इस महान क़ुरआन की महानता, उसके उच्च स्थान और प्रतिष्ठा का तथा उस रात की विशेषता का पता चलता है, जो इस क़ुरआन के अवतरण के कारण विशिष्ट हुई।
और अल्लाह तआला ने सूरह अद-दुख़ान में फ़रमाया: {ﭖ ﭗ ﭘ ﭙ ﭚﭛ } “निश्चय ही हमने इसे एक बरकत वाली रात में उतारा।” जो कि एक हज़ार महीनों से उत्तम है। और यही अधिकांश विद्वानों का मत है। जैसा कि इब्न अल-जौज़ी रहमतुल्लाह अलैह ने कहा है किः वह रात क़द्र की रात ही है, और यही बहुसंख्यक विद्वानों का कथन है। इकरिमा ने इब्न -ए- अब्बास से रिवायत की है कि उन्होंने कहा: क़ुरआन को रह़मान की ओर से क़द्र की रात में एक साथ उतारा गया, फिर उसे आसमान-ए-दुनिया में रख दिया गया, उसके बाद क्रमशः उतारा गया। और मुक़ातिल ने कहा कि क़ुरआन सम्पूर्ण रूप से लौह़ -ए- महफ़ूज़ से क़द्र की रात में आसमान-ए-दुनिया तक उतारा गया।([1]) इस प्रकार इस रात को ऊँचा और प्रतिष्ठित दर्जा प्राप्त हुआ, क्योंकि इसी में क़ुरआन का अवतरण हुआ। इससे यह स्पष्ट होता है कि पूरे वर्ष की सभी रातों में से इस रात को विशेष सम्मान और प्रतिष्ठा इस क़ुरआन के कारण प्राप्त हुई। और यह इस बात का भी संकेत है कि जो व्यक्ति क़ुरआन -ए- करीम से जुड़ता है, वह उसके सम्मान में सहभागी बनता है।
बयान की सूक्ष्मताओं में से यह है कि अल्लाह तआला ने अपने वचन की शुरुआत :
{ﭖ} “हम” के सर्वनाम से की, जो महानता, प्रतिष्ठा, शक्ति, प्रभुत्व और दृढ़ पुष्टि का द्योतक है। फिर उसी की पुष्टि के लिए क़ुरआन के अवतरण को अपनी ही ओर निस्बत किया और फ़रमाया: : { ﭗ} “हमने इसे उतारा”, ताकि और अधिक भव्यता, महत्ता, सम्मान और प्रतिष्ठा को स्पष्ट किया जा सके, और यह दृढ़ रूप से बताया जाए कि यह अवतरण उसी की ओर से है, और यह लोगों के लिए उनके रब की ओर से भेजी गई पुस्तक है। इब्ने आशूर रहमतुल्लाह अलैह कहते हैं किः यहाँ क़ुरआन के लिए प्रकट नाम के स्थान पर सर्वनाम लाने में इस बात की ओर संकेत है कि क़ुरआन मुसलमानों के मनों में सदैव उपस्थित रहता है, क्योंकि वे उससे अत्यधिक जुड़ाव रखते हैं।([2]) फिर अल्लाह तआला ने स्पष्ट रूप से यह निर्धारित किया कि यह एक विशिष्ट रात में उतारा गया: { ﭑ ﭒ ﭓ ﭔ ﭕ }“निश्चय ही हमने इसे क़द्र की रात में उतारा।” अर्थात इस महान क़ुरआन को लौह़ -ए- महफ़ूज़ से आसमान-ए-दुनिया तक क़द्र की रात में उतारा गया। यह वह रात है जो विशेष रूप से बरकत और सम्मान से विभूषित की गई। इससे इस महान क़ुरआन की ऊँची प्रतिष्ठा स्पष्ट होती है, और यह भी कि उसी के कारण वह रात विशिष्ट हुई। इसके माध्यम से यह भी स्पष्ट होता है कि जो व्यक्ति इस क़ुरआन को थामे, उसकी देखभाल करे और उससे जुड़ा रहे, उसे भी ऊँचा दर्जा, प्रतिष्ठा और बरकत प्राप्त होती है। यह उस नबी की महानता को भी दर्शाता है जिन पर यह क़ुरआन उतारा गया, अर्थात हमारे नबी मुह़म्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम। और इसी प्रकार इह उस उम्मत -ए- मुह़म्मदिया के सम्मान और श्रेष्ठता को भी दर्शाता है जिसे अल्लाह तआला ने अपने महान क़ुरआन से विशिष्ट किया। तथा उस व्यक्ति के सम्मान और दर्जे को भी प्रकट करता है जो इस क़ुरआन की सेवा और उसकी देखभाल करता है। जैसा कि ह़दीस में वर्णित है किः (अल्लाह के कुछ विशेष लोग होते हैं, और क़ुरआन वाले ही अल्लाह के विशेष लोग और उसके निकटवर्ती होते हैं।)([3])
अल्लाह तआला ने इस रात को सूरह अद-दुख़ान में { ﭙ ﭚﭛ } “बरकत वाली रात” कहा है। अर्थात उसने इसे इस महान क़ुरआन की बरकत और सम्मान से विशेष कर दिया, क्योंकि इसी रात में यह क़ुरआन उतरा। इससे क़ुरआन की बरकत और उस व्यक्ति की बरकत भी सिद्ध होती है जो उससे जुड़ता है और उसकी सेवा करता है। इस प्रकार यह रात समस्त रातों में विशेष रूप से सम्मान, भलाई और बरकत से युक्त हो गई। यह रात अल्लाह तआला की ओर से भलाई, गुणों, श्रेष्ठताओं और अनगिनत कृपाओं से परिपूर्ण है। बल्कि अल्लाह तआला ने इसे इतना सम्मान प्रदान किया कि इसे हर वर्ष रमज़ान के महीने में दोहराया और पुनः जीवित किया जाता है। इस प्रकार अल्लाह तआला ने सर्वश्रेष्ठ पुस्तक, सर्वश्रेष्ठ वाणी को समय की सर्वश्रेष्ठ रात के साथ, सर्वश्रेष्ठ नबी और रसूल पर, तथा सर्वश्रेष्ठ भाषा अर्थात अरबी भाषा में उतारा। इस प्रकार इस आयत से अनेक महान लाभ और शिक्षाएँ प्राप्त होती हैं।
इसके बाद इस महान और बरकत वाली रात की प्रतिष्ठा को और अधिक उजागर किया गया, जब अल्लाह तआला ने पहले मनुष्य की उसकी वास्तविक महानता से अनभिज्ञता को प्रकट किया, फिर उसकी महिमा और ऊँचाई को बयान किया। अतः अल्लाह तआला फ़रमाता है: { ﭗ ﭘ ﭙ ﭚ ﭛ } “और तुम्हें क्या ज्ञात कि क़द्र की रात क्या है।” अर्थात हे संबोधित व्यक्ति, तुम्हें क्या पता कि यह रात कितनी महान है और इसमें क्या कुछ उतारा गया। अल्लाह तआला ने इस प्रश्नात्मक शैली को इसलिए अपनाया है ताकि इसकी भव्यता, महानता और ऊँचे दर्जे को स्पष्ट किया जा सके, और यह दिखाया जा सके कि इससे पहले लोग इसकी वास्तविक महानता से अनभिज्ञ थे, और इसमें जो कुछ घटित हुआ, वह उनकी कल्पना से भी परे था। अलंकारिक एवं भाषाई सूक्ष्मताओं के अंतर्गत इमाम फर्रा रहमतुल्लाहि अलैहि का यह कथन अत्यंत महत्त्वपूर्ण है: कुरान में जहाँ कहीं भी अल्लाह तआला ने { ﭗ ﭘ} 'वमा अदराका' (आप क्या जानें) शब्द का प्रयोग किया है, वहाँ उसने (बाद में) उसकी जानकारी प्रदान की है। किंतु जहाँ {ﭘ ﭙ } 'वमा युदरीका' (आपको क्या पता) शब्द आया है, वहाँ उसने उसकी जानकारी गुप्त रखी है।([4]) अतः यह एक ऐसी रात है जिसकी महिमा से लोग पूर्णतः अवगत नहीं थे। इस शैली के द्वारा अल्लाह, जो अत्यंत महान और उच्च है, अपने बंदों को उस बात को जानने के लिए उत्सुक और आकृष्ट करता है जो उनसे छिपी हुई होती है। क्योंकि { ﭗ ﭘ ﭙ ﭚ ﭛ }“और तुम्हें क्या ज्ञात कि क़द्र की रात क्या है” को प्रश्नात्मक शैली में लाने से बुद्धि उस बात की ओर स्वतः आकर्षित हो जाती है जिसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई होती, और वह आगे आने वाले कथन को जानने के लिए उत्सुक हो उठती है। यह शिक्षा देने की एक अत्यंत उत्कृष्ट और उच्च कोटि की शैली है, जो विद्यार्थी के मन और ध्यान को उस ज्ञान की ओर खींच लेती है जिससे वह पहले अनभिज्ञ था।
और इस रात का नाम ‘लै,ल-तुल-क़द्र’ रखा जाना भी इसकी महानता, सम्मान, ऊँचे दर्जे और प्रतिष्ठा को दर्शाता है। क्योंकि ‘क़द्र’ का अर्थ है महानता और उच्च स्थान। जैसे कहा जाता है कि अमुक व्यक्ति की बड़ी क़द्र है। यह बात ज़ुहरी ने कही है, और इसकी पुष्टि अल्लाह तआला के इस कथन से होती हैः ([5]){ﯦ ﯧ ﯨ ﯩ ﯪ } “उन्होंने अल्लाह की जैसी क़द्र करनी चाहिए थी, वैसी क़द्र नहीं की।” और इब्न -ए- जरीर त़बरी रहमतुल्लाह अलैह ने कहा है किः यह वह रात है जिसमें अल्लाह तआला पूरे वर्ष के मामलों का निर्णय करता है([6]), जैसे रोज़ी, जीवन और मृत्यु से संबंधित फ़ैसले। अतः इसकी व्याख्या में दोनों अर्थ सम्मिलित हैं, और उनके बीच कोई विरोध नहीं है। और यह क़ुरआनी बयान की महानता और उसकी प्रभावशीलता का प्रमाण है कि उसने अत्यंत कम शब्दों में व्यापक अर्थ को समाहित कर लिया।
फिर अल्लाह तआला ने इस रात के विवरण को स्पष्ट करना आरंभ किया। अतः वह फ़रमाता है: {ﭝ ﭞ ﭟ ﭠ ﭡ ﭢ }“क़द्र की रात हज़ार महीनों से उत्तम है।” अर्थात यह एक अत्यंत महान रात है, जो उन हज़ार महीनों से श्रेष्ठ है जिनमें क़द्र की रात सम्मिलित नहीं होती। अतः इस रात की श्रेष्ठता और इसमें किए गए कर्मों की श्रेष्ठता हज़ार महीनों से भी अधिक है, अर्थात लगभग तिरासी वर्ष और चार महीने से भी अधिक। बहुत से व्याख्याकारों ने कहा है कि इसमें किया गया कर्म हज़ार महीनों के कर्म से श्रेष्ठ है, जिनमें क़द्र की रात न हो।([7]) इसके द्वारा इस महान क़ुरआन की श्रेष्ठता स्पष्ट होती है, जिसके कारण इस रात को यह उच्च स्थान और सम्मान प्राप्त हुआ। अतः इस रात में की गई इबादतें, भलाई और नेक कर्म, हज़ार महीनों में किए गए कर्मों से भी श्रेष्ठ हैं। और यह भी अल्लाह तआला की अपने ईमान वाले बंदों पर महान कृपा है कि वह उन्हें विशेष समय में विशेष रूप से महान प्रतिफल और पुरस्कार प्रदान करता है, ताकि वे और अधिक भलाई अर्जित कर सकें। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि ईमान वाले के लिए आवश्यक है कि वह इस रात के क़ियाम (खड़े हो कर नमाज़ पढ़ने) का विशेष ध्यान रखे, चाहे वह रमज़ान के अंतिम दस दिनों का ही क़ियाम क्यों न करे, ताकि इस महान और विशाल प्रतिफल को प्राप्त कर सके।
फिर इस महान रात की भव्यता, सम्मान, महत्व और उसमें अवतरित होने वाली वस्तु की पवित्रता को और अधिक स्पष्ट किया गया। अतः अल्लाह तआला फ़रमाता है:
{ ﭤ ﭥ ﭦ ﭧ ﭨ ﭩ ﭪ ﭫ ﭬ } “इस रात में फ़रिश्ते और रूह उतरते हैं, अपने रब के आदेश से, हर मामले के साथ।” अर्थात सम्मानित फ़रिश्ते { ﭤ }आकाश से उतरते हैं, और इस मुबारक रात में जिब्रील अलैहिस्सलाम भी उतरते हैं
{ ﭤ ﭥ ﭦ ﭧ }। और क़ुरआनी शैली की सूक्ष्मताओं में से यह है कि अल्लाह तआला ने समस्त फ़रिश्तों में से जिब्रील अलैहिस्सलाम को जोकि { ﭦ } रूह़ हैं, विशेष रूप से अलग करके उल्लेख किया, क्योंकि वही वह फ़रिश्ता हैं जिन्हें रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम तक क़ुरआन पहुँचाने का दायित्व सौंपा गया था। अतः फ़रिश्ते इस रात में { ﭨ ﭩ } “अपने रब के आदेश से” उतरते हैं, जिससे उनकी पूर्ण आज्ञाकारिता और अनुपालन का बोध होता है। और {ﭪ ﭫ ﭬ } “हर मामले के साथ” का अर्थ यह है कि वे उन सभी कार्यों और आदेशों के साथ उतरते हैं जिनका निर्णय अल्लाह तआला ने उस वर्ष के लिए किया होता है। इब्न -ए- क़ुतैबा रहमतुल्लाह अलैह ने कहा है किः इसका अर्थ है हर आदेश के साथ। और इब्नुल जौज़ी रहमतुल्लाह अलैह ने कहा है किः व्याख्याकारों के अनुसार फ़रिश्ते उन सभी आदेशों के साथ उतरते हैं जिन्हें अल्लाह तआला ने उस वर्ष से अगले वर्ष तक के लिए निर्धारित किया होता है।([8]) और शौक़ानी रहमतुल्लाह अलैह ने कहा है किः इसका अर्थ है उन सभी मामलों के कारण जिनका निर्णय अल्लाह तआला ने उस वर्ष के लिए किया होता है।([9]) इससे फ़रिश्तों की महान ज़िम्मेदारियों और अल्लाह तआला की व्यवस्था की महानता और हिकमत का पता चलता है।
फिर अल्लाह तआला सूरह अल-क़द्र का समापन इस बात के स्पष्ट उल्लेख के साथ करता है कि इस रात की समय-सीमा कब तक रहती है, और वह है फज्र का उदय। अतः इस रात की विशेष रहमतें, बरकतें और शांति, सूर्यास्त से लेकर फज्र के उदय तक रहती हैं। जैसा कि अल्लाह तआला फ़रमाता हैः { ﭮ ﭯ ﭰ ﭱ ﭲ }“यह रात पूर्णतः सलामती वाली है, फज्र के उदय तक।” अर्थात क़द्र की रात शांति, रहमत और हर प्रकार की बुराई से सुरक्षा से युक्त होती है, और इसकी सीमा फज्र के उदय पर समाप्त होती है। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से अनेक ह़दीसें वर्णित हैं कि यह रात रमज़ान के अंतिम दस दिनों में होती है। आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमायाः (रमज़ान के अंतिम दस दिनों की विषम रातों में क़द्र की रात को तलाश करो।)([10]) और आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने इसकी फ़ज़ीलत के विषय में फ़रमायाः (जिसने ईमान और प्रतिफल की आशा के साथ क़द्र की रात में क़ियाम किया, उसके पिछले गुनाह क्षमा कर दिए जाते हैं।)([11]) हे अल्लाह, जब तक तू हमें जीवित रख हमें क़द्र की रात तक पहुँचने की तौफ़ीक़ प्रदान कर, और हमें उन लोगों में शामिल कर जो ईमान और प्रतिफल की आशा के साथ उसका क़ियाम करते हैं, और समस्त मुसलमानों को भी, हे पालनहार।
और मैं अल्लाह तआला की प्रशंसा करता हूँ और उसका आभार प्रकट करता हूँ उस सम्मान के लिए जो उसने मुझे इस कार्य के माध्यम से प्रदान किया, और उसने मुझे सूरह अल-क़द्र को पूर्ण करने की तौफ़ीक़ दी। हे हमारे रब, हमसे इसे स्वीकार कर, निश्चय ही तू सुनने वाला, जानने वाला है। और हमारी तौबा स्वीकार कर, निश्चय ही तू अत्यंत तौबा स्वीकार करने वाला, अत्यंत दयावान है। और समस्त प्रशंसा अल्लाह ही के लिए है जो सारे संसारों का पालनहार है, और हमारे नबी मुह़म्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और उनके समस्त परिवार पर दुरूद और सलाम हो।
([1]) देखें: इब्नुल जौज़ी की पुस्तक “ज़ाद अल-मसीर फ़ी इल्म अत-तफ़्सीर” (8/ 111-112)।
([2]) देखें: इब्न -ए- आशूर की पुस्तक “अत-तह़रीर वत-तनवीर” (12/ 753)।
([3]) देखें: नसई की पुस्तक “अस-सुनन अल-कुब्रा” ह़दीस़ संख्या (8031), इब्न -ए- माजह ह़दीस़ संख्या (215) एवं मुस्नद अह़मद ह़दीस़ संख्या (13542)।
([4]) देखें: क़ुरत़ुबी की पुस्तक “अल-जामेअ लि अह़कामिल क़ुरआन” (20/ 89)।
([5]) देखें: इब्नुल जौज़ी की पुस्तक “ज़ाद अल-मसीर फ़ी इल्म अत-तफ़्सीर” (8/ 283)।
([6]) देखें: इब्न -ए- जरीर त़बरी की पुस्तक “जामेअ अल-बयान अन् तावील आय अल-क़ुरआन” (24/ 542)।
([7]) देखें: क़ुरत़ुबी की पुस्तक “अल-जामेअ लि अह़कामिल क़ुरआन” (20/ 89)।
([8]) देखें: इब्नुल जौज़ी की पुस्तक “ज़ाद अल-मसीर फ़ी इल्म अत-तफ़्सीर” (8/ 287)।
([9]) देखें: शौकानी की पुस्तक “फ़त्ह़ुल क़दीर” (5/ 472)।
([10]) स़ह़ीह़ बुख़ारी ह़दीस़ संख्या (2017)।
([11]) देखें: बुख़ारी (1/ 424) ह़दीस़ संख्या (1385) व स़ह़ीह़ मुस्लिम ह़दीस़ संख्या (760)।