मक्की · ४ आयतें · ११२

अल-इख़लास

الإخلاص

بِسْمِ اللَّهِ الرَّحْمَٰنِ الرَّحِيمِ

{ﭑ ﭒ ﭓ ﭔ ﭕ ﭖ ﭗ ﭘ ﭙ ﭚ ﭛ ﭜ ﭝ ﭞ ﭟ ﭠ ﭡ ﭢ ﭣ} [سورة الإخلاص:1-4].

((हे ईश दूत!) कह दोः अल्लाह अकेला है। अल्लाह निःछिद्र है। न उसकी कोई संतान है और न वह किसी की संतान है। और न उसके बराबर कोई है)।

सूरह अल-इख़लास शक्तिशाली और महान अल्लाह तआला के सुंदरतम नामों और उसकी महान व उच्चतम गुणात्मक विशेषताओं को स्पष्ट और प्रतिपादित करती है। अल्लाह फ़रमाता है: ‎ {ﭑ ﭒ ﭓ ﭔ}“कह दो कि वही अल्लाह एक है।” अर्थात तुम अपनी ज़बान से भी कहो और अपने दिल के विश्वास के साथ भी यह स्वीकार करो, जबकि तुम ईमान लाने वाले और सत्य की पुष्टि करने वाले हो, कि निश्चय ही अल्लाह तआला एक है, उसका कोई साझीदार नहीं है, और उसके नामों तथा उसकी विशेषताओं में उसका कोई समान और कोई उदाहरण नहीं है। वह अपने नामों में भी पूर्णता वाला है, अपनी विशेषताओं में भी पूर्ण है, अपने कथनों में भी, अपने कार्यों में भी, अपने संचालन और व्यवस्था में भी, और हर उस चीज़ में जिसमें उसका अधिकार और प्रभुत्व है। उसका न कोई पिता है, न कोई पुत्र है, न कोई पत्नी है और न ही कोई साझीदार। अतः तुम्हारा पालनहार वही एकमात्र है, जिसकी बादशाहत में कोई भागीदार नहीं, और न ही उसका कोई सानी या समकक्ष है।

और इसी प्रकार अल्लाह तआला ही ‎ { ﭖ ﭗ }“अल्लाह समद है।” अर्थात वही एकमात्र, अद्वितीय और अकेला है, जिसकी ओर सभी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए रुख किया जाता है, जो बुराइयों, कठिनाइयों, विपत्तियों और नुकसानों को दूर करने वाला है, और जो संकटों को दूर करने वाला है। इब्न -ए- अब्बास रज़ियल्लाहु अन्हुमा से वर्णित है किः समद वह स्वामी है जिसकी स्वामित्व-शक्ति पूर्ण हो, वह महान व्यक्ति है जिसकी महानता पूर्ण हो, वह सर्वोच्च है जिसकी महानता अपने चरम पर हो, वह सहनशील है जिसकी सहनशीलता पूर्ण हो, वह समृद्ध है जिसकी समृद्धि पूर्ण हो, वह सर्वशक्तिमान है जिसकी शक्ति पूर्ण हो, वह सर्वज्ञ है जिसका ज्ञान पूर्ण हो, और वह अत्यंत बुद्धिमान है जिसकी बुद्धिमत्ता पूर्ण हो। वह हर प्रकार की प्रतिष्ठा, नेतृत्व और महानता में पूर्ण है, और वही पवित्र और सर्वोच्च अल्लाह है। यह उसकी विशेषता है, और यह विशेषता किसी और के योग्य नहीं है।([1]) ज़ज्जाज रहिमहुल्लाह फ़रमाते हैं किः समद वह है, जिसके पास सारी प्रतिष्ठा और प्रभुत्व का अंत होता है, और हर चीज़ उसी की ओर रुख करती है, अर्थात उसी का सहारा लेती है। इब्न अल-अंबारी रहिमहुल्लाह कहते हैं किः भाषा के विद्वानों के बीच इसमें कोई मतभेद नहीं है कि समद वह स्वामी है, जिसके ऊपर कोई नहीं होता, और लोग अपनी सभी आवश्यकताओं और मामलों में उसी की ओर रुख करते हैं।([2]) अतः वही अल्लाह तआला है, जो एक है, अद्वितीय है, सभी आवश्यकताओं की पूर्ति करने वाला है, बुराइयों, कठिनाइयों और नुकसानों को दूर करने वाला है, और संकटों को हटाने वाला है। उसके सिवा कोई पूज्य नहीं है। वही सर्वोच्च और महान है।

अल्लाह तआला द्वारा अपने एक, अद्वितीय और समद होने के स्पष्ट बयान के बाद, वह अपनी महानता और सर्वोच्चता के साथ स्वयं से इस बात का पूर्ण निषेध करता है कि उसका कोई पिता या पुत्र हो। अल्लाह जल्ल जलालुहू जिसकी महिमा महान है फ़रमाता है:

{ ﭙ ﭚ ﭛ ﭜ } “न उसकी कोई संतान है और न वह किसी की संतान है।” क्योंकि तुम्हारे पालनहार की पूर्णता, उसकी महानता और उसका दूसरों से पूर्णतः निस्पृह और बेनियाज़ होना इसी में है कि वही वास्तविक रूप से स्वयं सम्पन्न है और दूसरों को सम्पन्न करने वाला है। { ﭙ ﭚ}उसका न कोई पुत्र है, ‎ {ﭛ ﭜ}उसने किसी को जन्म नहीं दिया, और न ही वह स्वयं किसी से जन्मा है। उसका कोई पिता नहीं है। अतः तुम्हारा पालनहार वही प्रथम है, जिसके पहले कुछ भी नहीं, और वही अंतिम है, जिसके बाद कुछ भी नहीं, वह अत्यंत महान और सर्वोच्च है। जैसा कि अल्लाह तआला ने सूरह अल-हदीद में फ़रमाया है:{ﯴ ﯵ ﯶ ﯷ ﯸﯹ ﯺ ﯻ ﯼ ﯽ} “वही प्रथम है और वही अंतिम है, वही प्रकट है और वही अप्रकट है, और वह हर वस्तु का पूर्ण ज्ञान रखने वाला है।” निःसंदेह आपका पालनहार 'अव्वल' है, उससे पूर्व कुछ नहीं, वह { ﯶ} 'आख़िर' है, उसके पश्चात कुछ नहीं, वह { ﯷ} 'ज़ाहिर' (सर्वोच्च) है, उससे ऊपर कुछ नहीं, और वह { ﯸﯹ } 'बातिन' (अति सूक्ष्म/निकट) है, उससे निकट कुछ नहीं। और स़ह़ीह़ मुस्लिम में नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का यह कथन वर्णित है: (हे अल्लाह, तू ही प्रथम है, तुझसे पहले कुछ भी नहीं। और तू ही अंतिम है, तेरे बाद कुछ भी नहीं। और तू ही सर्वोच्च है, तुझसे ऊपर कुछ भी नहीं। और तू ही अप्रकट है, तुझसे नीचे कुछ भी नहीं। हमसे क़र्ज़ को दूर कर दे और हमें निर्धनता से समृद्ध कर दे।)([3]) यह कथन अल्लाह तआला की उस महान और उत्कृष्ट विशेषता का अत्यंत स्पष्ट और महान बयान है, जिससे यह सिद्ध होता है कि अल्लाह हर वस्तु से पहले था, बिना किसी आरंभ के, इसलिए उससे पहले कुछ भी नहीं है। और यह भी कि शाश्वत अस्तित्व केवल अल्लाह ही के लिए है, उसका कोई साझीदार नहीं है। वही ऊँचाई, महानता, प्रतिष्ठा, प्रभुत्व, विजय और अधिपत्य का स्वामी है, और उससे बढ़कर ऊँचा कोई नहीं है। वह आंतरिक बातों को भी जानने वाला है, उससे कोई भी चीज़ छिपी नहीं रह सकती, क्योंकि उससे नीचे कुछ भी नहीं है।

इसमें उन बहुदेववादियों (मुशरिकों) का खंडन और उनके मिथ्या दावों का प्रत्युत्तर है जो कहते थे कि फरिश्ते अल्लाह की बेटियाँ हैं। साथ ही, यह यहूदियों के इस दावे कि 'उज़ैर अल्लाह के बेटे हैं' और ईसाइयों के इस कथन कि 'मसीह अल्लाह के बेटे हैं' का पूर्णतः खंडन करता है। अल्लाह तआला ने स्वयं को इन मानवीय दोषों से पवित्र घोषित किया है, ताकि इस क़ुरआन के माध्यम से काफिरों की मान्यताओं का सुधार किया जा सके। अल्लाह जल्ल जलालुहू (उसकी शान और गौरव सबसे ऊँचा है) ने सूरह अल-इसरा में फ़रमाया है:

{ﭥ ﭦ ﭧ ﭨ ﭩ ﭪ ﭫﭬ ﭭ ﭮ ﭯ ﭰ} “क्या तुम्हारे पालनहार ने तुम्हें पुत्रों के साथ विशेष कर लिया और अपने लिए फ़रिश्तों को बेटियाँ बना लिया। निश्चय ही तुम बहुत बड़ी बात कह रहे हो।” अर्थात क्या अल्लाह तआला ने तुम्हें अपने दिए हुए वरदान में केवल पुत्रों से विशेष और चयनित कर दिया, और अपने लिए तुम्हारे ग़लत गुमान के अनुसार फ़रिश्तों को स्त्रियाँ बना लिया। यह प्रश्नात्मक शैली है, जिसमें उनके इस झूठे आरोप पर कठोर डाँट, फटकार और निंदा निहित है। इसके बाद अल्लाह तआला ने उनके इस कथन पर और अधिक कठोरता के साथ दोषारोपण किया और फ़रमाया किः { ﭭ ﭮ ﭯ ﭰ} “निस्संदेह तुम एक अत्यंत बड़ी और घोर बात कह रहे हो।” इसका अर्थ यह है कि तुम इस झूठे आरोप के द्वारा अल्लाह तआला के बारे में अत्यधिक दुस्साहस और गंभीर अपराध की बात कह रहे हो। इस कथन के खंडन में उनके कथन और स्वयं कथन करने वालों की गंभीर विकृति और भ्रष्टता स्पष्ट होती है। बल्कि उनके इस कथन को “अत्यंत बड़ी बात” कहकर उसकी भयावहता और गंभीरता और भी बढ़ा दी गई है। यह कथन { ﭭ ﭮ ﭯ ﭰ} हर दृष्टि से सत्य से अत्यंत विचलित और भटका हुआ है। इससे यह स्पष्ट होता है कि कुछ लोग अल्लाह तआला के बारे में ऐसी बातें कहने का दुस्साहस करते हैं जो उसकी शान के सर्वथा विरुद्ध हैं, और वे अपने इच्छानुसार मामलों का निर्णय करने लगते हैं, यहाँ तक कि अपने आपको अल्लाह तआला पर प्राथमिकता देने लगते हैं। अतः हम अल्लाह तआला से ही हिदायत, सुरक्षा और तौफ़ीक़ की प्रार्थना करते हैं।

यहूदियों ने जो कहा, उसके विषय में अल्लाह तआला ने सूरह अत-तौबा में उनके कथनों का उल्लेख करते हुए फरमाया है: {ﮛ ﮜ ﮝ ﮞ ﮟ} “और यहूदियों ने कहा कि उज़ैर अल्लाह का पुत्र है।” और उज़ैर अहले किताब में से थे। जहाँ तक ईसाइयों के मिथ्यारोप का प्रश्न है, तो उनके विषय में अल्लाह तबारक व तआला ने फरमाया:

{ ﮠ ﮡ ﮢ ﮣ ﮤﮥ} “और ईसाइयों ने कहा कि मसीह अल्लाह का पुत्र है।” अर्थात ईसा बिन मरयम अल्लाह के पुत्र हैं। यह कथन उन्होंने केवल अपनी ज़बानों से कहा है, इसके समर्थन में न कोई प्रमाण है और न ही कोई तर्क। बल्कि यह मात्र झूठा आरोप और मनगढ़ंत बात है। उनकी यह निर्भीकता स्वयं इस बात की गवाही देती है कि वे झूठे हैं। उन्होंने अल्लाह तआला पर ऐसी बातों का आरोप लगाया है जो उसके पद, उसकी महानता, उसकी प्रतिष्ठा और उसकी महिमा के सर्वथा विरुद्ध हैं। इसलिए वे उस ईमान के अधिकारी नहीं हैं जो आज्ञाकारिता और अनुसरण को अनिवार्य बनाता है। वास्तव में उनके पास कोई ईमान नहीं है, बल्कि वे अपने इस झूठे आरोप में काफ़िरों के साथ जा मिलते हैं।

{ ﮪ ﮫ ﮬ ﮭ ﮮ ﮯﮰ } “वे अपने इस कथन में उनसे पहले के काफ़िरों की बातों की नकल करते हैं और उनसे मिलते-जुलते हो जाते हैं।” जैसे यहूदियों ने यह कहा कि उज़ैर अल्लाह है, और मुश्रिकों ने यह कहा कि फ़रिश्ते अल्लाह की बेटियाँ हैं।

{ ﮱ ﯓﯔ ﯕ ﯖ} “अल्लाह उन्हें विनष्ट करे, वे कहाँ भटके जा रहे हैं!।” अल्लाह तआला पर इस प्रकार का लांछन लगाने के कारण उन पर अल्लाह की लानत (फटकार) है।

अल्लाह तआला ने अपनी ज़ात को 'एक' और 'अकेला' (अहद), 'निस्पृह' (समद), जिसका न कोई जन्म देने वाला है, न संतान और न ही पत्नी, तथा 'आदि' और 'अंत' एवं 'प्रकट' और 'गुप्त' होने के गुणों के साथ वर्णित करने के पश्चात, अत्यंत निर्णायक और अटल रूप से इस बात का खंडन किया है कि उसकी सृष्टि में कोई भी किसी भी प्रकार से उसके समान हो सकता है। अल्लाह सुब्ह़ानहु व तआला (वह पवित्र और सर्वोच्च है) ने फरमाया:

{ﭞ ﭟ ﭠ ﭡ ﭢ} “और उसके समान कोई भी नहीं है।” अतः अल्लाह तआला का न कोई समकक्ष है, न सदृश और न ही समान। 'कुफ़ु' का अर्थ है, समान और तुलनीय। अल्लाह तआला के नामों, गुणों, सामर्थ्य, प्रभुत्व, साम्राज्य, सत्ता और किसी भी कार्य या अवस्था में कोई भी उसके बराबर या समान नहीं है। वही पूर्णता और सौंदर्य में अद्वितीय एवं अकेला है, और उसके अतिरिक्त जो कुछ भी है, वह सब उसी महान सत्ता की सृष्टि है। जैसा कि अल्लाह तबारक व तआला ने सूरह अश-शूरा में फ़रमाया है:

{ ﭡ ﭢ ﭣﭤ} “उसके समान कोई भी नहीं है।” आपके पालनहार के सदृश किसी भी रूप में कोई नहीं है। इस नकारात्मक शैली (नफ़ी) ने उस पूर्णता को सिद्ध (इस़्बात) कर दिया है जिसकी तुलना उसकी सृष्टि में किसी से नहीं की जा सकती। इस निषेध ने सृष्टि रचना, अस्तित्व प्रदान करने, संचालन, प्रभुत्व, सत्ता, नामों और महान गुणों में किसी भी प्रकार की समानता को पूर्णतः नकार दिया है। इस स्पष्टीकरण के माध्यम से मनुष्य को यह सीखना चाहिए कि वह अल्लाह तआला के गुणों, कार्यों और उसकी शक्ति की तुलना अपनी सृष्टि की किसी भी वस्तु से न करे।

अल्लाह तआला के इस महान और गौरवशाली वर्णन के कारण, जो सूरह-ए-इख़लास में समाहित है, इसकी तिलावत पूरे क़ुरआन के एक-तिहाई हिस्से के बराबर मानी जाती है। जैसा कि रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फरमाया: (क्या तुममें से कोई इस बात से असमर्थ है कि वह एक रात में एक-तिहाई क़ुरआन पढ़ ले? लोगों ने पूछा: कोई एक-तिहाई क़ुरआन कैसे पढ़ सकता है? आपने फरमाया: 'क़ुल हुवल्लाहू अह़द' एक-तिहाई क़ुरआन के बराबर है।)([4]) यह इस सूरह की महान श्रेष्ठता और इसे पढ़ने वाले के लिए विशाल पुण्य को स्पष्ट करता है। इसकी महिमा का कारण इसकी विषय-वस्तु है, क्योंकि यह विशेष रूप से अल्लाह के प्रति निष्ठा (इखलास) और उसके महान नामों व गुणों के वर्णन पर आधारित है।

मैं अल्लाह तआला की प्रशंसा करता हूँ और उसका कृतज्ञ हूँ कि उसने मुझे इस कार्य के सौभाग्य से नवाज़ा और सूरह-ए-इख़लास की व्याख्या पूर्ण करने की तौफीक प्रदान की। ऐ हमारे पालनहार! हमारी इस सेवा को स्वीकार फ़रमा, निःसंदेह तू सब कुछ सुनने वाला और जानने वाला है। हमारी तौबा स्वीकार कर, तू बड़ा तौबा स्वीकार करने वाला और अत्यंत दयालु है। समस्त प्रशंसा अल्लाह रब्बुल आलमीन के लिए है और हमारे नबी मुह़म्मद‎ सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम एवं उनके समस्त परिजनों पर दुरूद व सलाम हो।



([1]) देखें: इब्न -ए- जरीर त़बरी की पुस्तक “जामेअ अल-बयान अन् तावील आय अल-क़ुरआन” (24/ 736)।

([2]) देखें: इब्नुल जौज़ी की पुस्तक “ज़ाद अल-मसीर फ़ी इल्म अत-तफ़्सीर” (8/ 331)।

([3]) देखें: स़ह़ीह़ मुस्लिम, ह़दीस़ संख्या (2713)।

([4]) देखें: स़ह़ीह़ मुस्लिम, ह़दीस़ संख्या (811)।